Monday, July 27, 2026
Home Breaking दो छात्रावासों में मलेरिया का प्रकोप, 10 बच्चे संक्रमित; एक की इलाज...

दो छात्रावासों में मलेरिया का प्रकोप, 10 बच्चे संक्रमित; एक की इलाज के दौरान मौत

8

The Duniyadari: कांकेर- जिले में मलेरिया संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। मर्दापोटी और इरादाह स्थित छात्रावासों में जांच के दौरान 10 बच्चों में मलेरिया की पुष्टि हुई है। संक्रमण के बीच उपचार के दौरान एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, प्रभावित छात्रावासों में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों की जांच की थी। जांच में कई छात्र मलेरिया से संक्रमित पाए गए। इनमें से तीन बच्चों को कांकेर के एमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इलाज के दौरान चौथी कक्षा के छात्र सुभाष की रविवार सुबह मौत हो गई। वहीं, विक्रम मंडावी और तामेश्वर भास्कर की हालत गंभीर होने पर उन्हें रायपुर रेफर किया गया है। अन्य संक्रमित बच्चों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है और उनका उपचार जारी है।

घटना के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने दोनों छात्रावासों में निगरानी बढ़ा दी है। संक्रमित बच्चों के संपर्क में आए अन्य विद्यार्थियों की भी जांच की जा रही है, ताकि संक्रमण की स्थिति का पता लगाया जा सके और समय रहते उपचार शुरू किया जा सके।

एक ही क्षेत्र के छात्रावासों में बड़ी संख्या में बच्चों के मलेरिया संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था और छात्रावासों में मच्छर नियंत्रण को लेकर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में उपचार, निगरानी और बचाव संबंधी गतिविधियों को तेज करने की बात कही गई है।