The Duniyadari: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही- जिले में शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। एक ओर कोयले से लदी हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे होर्डिंग के खंभे से जा भिड़ी, वहीं दूसरी ओर तेज रफ्तार ट्रेलर ने कई मवेशियों को कुचल दिया। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पहला हादसा पेंड्रा मुख्य मार्ग पर हुआ, जहां तेज गति से जा रही कोयला लोड हाइवा अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे विज्ञापन होर्डिंग के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत अभियान चलाकर चालक को बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के मुताबिक चालक की हालत गंभीर बनी हुई है।
इस दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि स्टेट हाईवे-4 और गौरव पथ पर लगाए गए बड़े होर्डिंग तथा डिवाइडर में किए गए बदलाव दुर्घटनाओं की वजह बन रहे हैं। उनका कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।
इसी दिन दूसरी घटना कोटमी-मरवाही मार्ग पर रुमगा गांव के पास हुई। यहां तेज रफ्तार ट्रेलर सड़क पर मौजूद मवेशियों के बीच घुस गया, जिससे करीब 10 मवेशियों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों के बाद ग्रामीणों ने भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।















