The Duniyadari: गरियाबंद- जिले में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहां भाजपा जिला अध्यक्ष Anil Chandrakar का मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट हैक होने के बाद साइबर अपराधी उनके नाम का इस्तेमाल कर लोगों से रुपए ऐंठने की कोशिश कर रहे हैं। घटना सामने आने के बाद लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, ठग पहले परिचितों को “एक छोटी सी हेल्प चाहिए” जैसा संदेश भेजकर बातचीत शुरू करता है। इसके बाद विश्वास में लेकर एक क्यूआर (QR) कोड भेजता है और करीब 50 हजार रुपये ट्रांसफर करने की मांग करता है। इस तरह आरोपी उनकी पहचान का दुरुपयोग कर लोगों को ठगी का शिकार बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही अनिल चंद्राकर ने आम नागरिकों, समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि उनके नाम से आने वाले किसी भी संदिग्ध मैसेज, कॉल, लिंक, क्यूआर कोड, ओटीपी या बैंक संबंधी अनुरोध पर भरोसा न करें और किसी भी प्रकार का ऑनलाइन भुगतान न करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी से भी इस तरह आर्थिक मदद नहीं मांग रहे हैं और यह पूरी तरह साइबर ठगों की साजिश है। साथ ही लोगों से कहा कि यदि किसी के पास ऐसा कोई संदेश पहुंचे तो तुरंत दूसरों को भी इसकी जानकारी दें, ताकि कोई भी व्यक्ति धोखाधड़ी का शिकार न बने।
घटना की सूचना पुलिस और साइबर सेल को दे दी गई है। मामले की जांच शुरू की जा रही है और साइबर अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















