Sunday, July 26, 2026
Home Breaking कोरबा में 14 फीट लंबे किंग कोबरा से दहशत, एक घंटे की...

कोरबा में 14 फीट लंबे किंग कोबरा से दहशत, एक घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू

37

The Duniyadari: कोरबा- जिले के पसरखेत क्षेत्र में शनिवार को उस समय लोगों में दहशत फैल गई, जब कोरबा-हाटी मुख्य मार्ग पर एक विशालकाय किंग कोबरा दिखाई दिया। करीब 14 फीट लंबे जहरीले सांप के सड़क पार करने से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा और राहगीरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किंग कोबरा सड़क किनारे स्थित नाले के पास की झाड़ियों से निकलकर मुख्य सड़क की ओर बढ़ रहा था। अचानक इतने बड़े सांप को देखकर वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए और सुरक्षित दूरी से नजारा देखने लगे। सूचना फैलते ही आसपास बड़ी संख्या में लोग भी मौके पर पहुंच गए।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र को घेरकर लोगों को सांप से दूर रखा। इसके बाद सर्प संरक्षण एवं रेस्क्यू कार्य में विशेषज्ञ संस्था आरसीआरएस (रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूअर सोसाइटी) को बुलाया गया। संस्था के सदस्य अविनाश यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

लगातार बारिश और कठिन परिस्थितियों के बीच करीब एक घंटे की मेहनत के बाद टीम ने किंग कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास वाले सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया।

वन विभाग ने इस दौरान लोगों से अपील की कि यदि कहीं किंग कोबरा या अन्य विषैले सर्प दिखाई दें तो घबराएं नहीं और उन्हें नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को दें, ताकि वन्यजीवों और लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। स्थानीय ग्रामीणों ने भी सफल रेस्क्यू अभियान के लिए वन विभाग और रेस्क्यू टीम की सराहना की।