The Duniyadari: मरवाही– क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने पति और उसके परिवार पर धोखे से शादी करने तथा बाद में मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में देवकी लहरे ने बताया कि उनकी पहली शादी वर्ष 2021 में हुई थी, लेकिन पति द्वारा दूसरी शादी कर लेने के बाद सामाजिक रूप से अलगाव हो गया। इसके बाद वह अपने मायके में रहने लगीं और मरवाही स्थित एक निजी अस्पताल में कार्य करने लगीं।
इसी दौरान अस्पताल में कार्यरत अनिल कुमार से उनकी पहचान हुई। पीड़िता का आरोप है कि अनिल ने खुद को अविवाहित बताकर शादी का प्रस्ताव दिया। भरोसा दिलाने के बाद दोनों ने मंदिर में विवाह किया। शादी के कुछ समय बाद जब वह पति के साथ उसके गांव पहुंची, तब उसे पता चला कि अनिल पहले से विवाहित है और उसने यह तथ्य छिपाकर उससे विवाह किया था।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने इस बात पर आपत्ति जताई तो पति और उसके परिवार के अन्य सदस्य नाराज हो गए। आरोप है कि पति, सास, ससुर और ननद ने मिलकर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर, आंख, हाथ, पीठ, कान और गले में चोटें आईं। साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद पीड़िता अपने परिजनों के साथ मरवाही थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत चारों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















