धान खरीदी केंद्र में कलेक्टर की अचानक मौजूदगी, किसानों से सीधे लिया फीडबैक

25

The Duniyadari : कोरबा, 29 जनवरी। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले में चल रही धान खरीदी को पारदर्शी और किसान-हितैषी बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पाली विकासखंड स्थित धान उपार्जन केंद्र का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर खरीदी की प्रक्रिया, सुविधाओं और भुगतान से जुड़ी स्थिति की जानकारी ली।

कलेक्टर ने आत्मीय अंदाज़ में किसानों से बातचीत करते हुए धान की किस्म, बेची गई मात्रा और भुगतान व्यवस्था के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने किसानों को बताया कि उपार्जन केंद्र में 10 हजार रुपये तक नगद निकासी की सुविधा उपलब्ध है, ताकि आपात आवश्यकता में किसानों को तत्काल मदद मिल सके।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वयं धान की नमी और गुणवत्ता की जांच कर खरीदी की स्थिति का जायजा लिया। ग्राम नान पुलाली के किसान उमेद सिंह सहित अन्य किसानों ने बताया कि टोकन प्रणाली के माध्यम से बिना किसी परेशानी के धान विक्रय किया जा रहा है और प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है।

कलेक्टर दुदावत ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि केवल पात्र और वास्तविक किसानों से ही धान की खरीदी सुनिश्चित की जाए। केंद्र में आने वाले धान की अनिवार्य रूप से पलटी कर ढेरी लगाने, नमी परीक्षण के बाद ही खरीदी करने तथा पुराने, अमानक और अनुपयोगी धान की खरीदी पर पूर्ण प्रतिबंध के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कहा कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, एसडीएम रोहित सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।