Friday, September 11, 2026
Home Breaking नकली शराब कारोबार में फरार आरोपी पर पुलिस का शिकंजा, घर पर...

नकली शराब कारोबार में फरार आरोपी पर पुलिस का शिकंजा, घर पर चस्पा किया नोटिस

48

The Duniyadari: Raigarh जिले में नकली शराब के अवैध कारोबार से जुड़े बहुचर्चित मामले में पुलिस ने फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए दबाव बढ़ा दिया है। पुलिस अधिकारियों की टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी करते हुए उसके विकास नगर स्थित निवास पर पहुंचकर नियमानुसार नोटिस चस्पा किया। साथ ही आरोपी की चल एवं अचल संपत्तियों का विवरण जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

दरअसल, बीते दिनों पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े नकली शराब नेटवर्क का खुलासा हुआ था। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब, स्प्रिट, नकली लेबल, फर्जी होलोग्राम और शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की गई थी। जांच में सामने आया कि गिरोह लंबे समय से नकली शराब तैयार कर उसे असली ब्रांड की तरह पैक कर बाजार में खपा रहा था।

मामले में पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान विनय सिंह ठाकुर का नाम सामने आया था। इसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही है। बुधवार को पुलिस टीम उसके घर पहुंची, लेकिन मकान बंद मिला। पड़ोसियों ने भी बताया कि आरोपी और उसके परिजन कई दिनों से घर पर नहीं हैं। इसके बाद पुलिस ने मकान के प्रवेश द्वारों पर नोटिस चस्पा कर तीन दिनों के भीतर थाना में उपस्थित होने के निर्देश दिए।

जांच एजेंसियों के अनुसार गिरोह शराब में स्प्रिट मिलाकर उसकी मात्रा बढ़ाता था और रंग बदलने पर अन्य पदार्थों का उपयोग कर उसे असली शराब जैसा रूप देता था। इसके बाद नकली होलोग्राम और लेबल लगाकर विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई की जाती थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर आरोपी की संपत्तियों का विस्तृत ब्यौरा तैयार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश, तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की सहायता ली जा रही है तथा जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।