The Duniyadari: मनेंद्रगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने सोमवार को नगर पालिका परिषद में दबिश देकर रिश्वतखोरी के एक मामले का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान नगर पालिका के अकाउंटेंट को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया गया, जबकि मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मामले की शुरुआत एक ठेकेदार की शिकायत से हुई, जिसने आरोप लगाया था कि उसके बिल को पास करने के बदले CMO इसहाक खान द्वारा 53 हजार रुपये की मांग की जा रही है। ठेकेदार के अनुसार, वह पहले ही 20 हजार रुपये दे चुका था और बाकी रकम देने का दबाव बनाया जा रहा था।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने जाल बिछाया और पूरी योजना तैयार की। तय रणनीति के तहत ठेकेदार बाकी 33 हजार रुपये लेकर पहुंचा। बताया जा रहा है कि CMO के कहने पर यह रकम अकाउंटेंट सुशील भगत को दी गई। जैसे ही पैसे सौंपे गए, पहले से मौजूद ACB टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अकाउंटेंट को पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद टीम ने CMO को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि मामले में और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है। फिलहाल दस्तावेजों और लेन-देन से जुड़े साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद नगर पालिका दफ्तर में हड़कंप मचा हुआ है और कर्मचारियों में बेचैनी का माहौल है। ACB ने साफ किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि ऐसे मामलों की जानकारी तुरंत संबंधित एजेंसियों को दें।















