Friday, August 14, 2026
Home Breaking नया रायपुर से गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश, CRPF ने निकाली भव्य तिरंगा...

नया रायपुर से गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश, CRPF ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

3

The Duniyadari: Raipur- स्वतंत्रता दिवस के पहले देशभक्ति का माहौल बनाने और लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जोड़ने के उद्देश्य से सीआरपीएफ की 211वीं वाहिनी ने रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। नया रायपुर से शुरू हुई यह यात्रा अभनपुर, राजिम, फिंगेश्वर और जामगांव समेत विभिन्न स्थानों तक पहुंची।

कमान्डेंट डॉ. विनोद कुमार टंडन के मार्गदर्शन में जवानों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर लोगों को स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। यात्रा के दौरान नागरिकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने जवानों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

राजिम और फिंगेश्वर में स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जवानों का अभिनंदन किया। वहीं, फिंगेश्वर में डॉ. टंडन ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए मेहनत, अनुशासन और राष्ट्रसेवा को सफलता का आधार बताया। शिक्षिकाओं ने जवानों को राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त किया।

जामगांव में डॉ. टंडन ने अपने गुरु से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया और विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन व देशप्रेम को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। इस दौरान सीआरपीएफ की ओर से लोगों को तिरंगे भी वितरित किए गए।

अभियान का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाना, बच्चों और युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत करना तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक जनभागीदारी तक पहुंचाना रहा। यात्रा के समापन पर सीआरपीएफ अधिकारियों ने आयोजन में सहयोग देने वाले नागरिकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और संस्थानों के प्रति आभार जताया।

तिरंगा यात्रा के चलते पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल नजर आया और लोगों ने उत्साह के साथ राष्ट्रीय ध्वज के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया।