The Duniyadari: बिलासपुर में चैत्र नवरात्रि के दौरान जहां एक ओर देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, वहीं दूसरी ओर असामाजिक तत्व भी सक्रिय हो गए हैं। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर जेबतराशी की घटनाएं सामने आ रही हैं।
इसी कड़ी में रतनपुर महामाया मंदिर परिसर से एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह मंदिर में दर्शन करने पहुंचे लोगों के पर्स और कीमती सामान चुरा रही थी।
पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से की गई। फुटेज में वह भीड़ के बीच संदिग्ध गतिविधियां करते हुए नजर आई, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह कम से कम दो श्रद्धालुओं को अपना निशाना बना चुकी थी।
गौरतलब है कि चैत्र नवरात्रि के अवसर पर मंदिर में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और अपने सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।















