Monday, June 8, 2026
Home Breaking नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: घर से 33 किलो से अधिक गांजा...

नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: घर से 33 किलो से अधिक गांजा जब्त, एक गिरफ्तार

9

The Duniyadari: Jagdalpur– बस्तर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 33.25 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि भनपुरी थाना क्षेत्र के केशरपाल आवासपारा गांव स्थित एक घर में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के एक कमरे में रखे प्लास्टिक के नीले ड्रम से 33.25 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 16.62 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घर के मालिक किशोर बघेल (60) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।

बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।