The Duniyadari: कोरबा। जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत रशियन हॉस्टल के पास नहर पुल से लोहे की रेलिंग चोरी करने वाले गिरोह पर पुलिस ने एक बार फिर शिकंजा कसा है। ताजा कार्रवाई में पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिसके बाद इस मामले में जेल भेजे गए आरोपियों की संख्या 15 हो गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में चौकी सीएसईबी एवं थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार 17 जनवरी 2026 की रात रशियन हॉस्टल के समीप नहर पुल में लगी लोहे की रेलिंग को गैस कटर की मदद से काटकर चोरी किया गया था। इस संबंध में पीड़ित की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और निरंतर प्रयासों के आधार पर आरोपियों तक पुलिस पहुंची। पहले चरण में 10 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी रखी गई, जिसके परिणामस्वरूप पांच और लोगों को हिरासत में लिया गया। सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों में मनोज कुमार पंडित उर्फ बमजी, राजीव कुमार सिंह, संदीप महत, शिवनारायण सागर उर्फ शिवा तथा आदित्य यादव उर्फ आदि शामिल हैं। सभी आरोपी कोरबा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





























