The Duniyadari Raipur– राजधानी रायपुर के न्यायालय परिसर में सुनवाई के दौरान दो पक्षकारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र से जुड़े वर्ष 2018 के एक पुराने मामले की सुनवाई के लिए संबंधित पक्ष न्यायालय पहुंचे थे। इसी दौरान गवाही से जुड़े मुद्दे पर आपसी बातचीत के दौरान विवाद उत्पन्न हो गया। बताया जा रहा है कि कहासुनी बढ़ने पर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के साथ अभद्रता करते हुए थप्पड़ मार दिया।
मारपीट के दौरान घायल युवक संतुलन खो बैठा और पास की दीवार से टकरा गया, जिससे उसे चोट आई। घटना के बाद न्यायालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। वहीं घायल युवक को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की बारीकी से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रसारित उन खबरों को भ्रामक बताया है, जिनमें चाकू से हमला किए जाने का दावा किया गया था। प्रारंभिक जांच में ऐसी कोई पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार अब तक मिले तथ्यों से मामला केवल आपसी विवाद और मारपीट का प्रतीत होता है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दोनों पक्ष अपनी-अपनी पेशी के लिए स्वयं न्यायालय पहुंचे थे। घटना न्यायालय परिसर में हुई आपसी कहासुनी का परिणाम है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। मामले की विवेचना जारी है।















