Sunday, April 26, 2026
Home Breaking पड़ोसी विवाद ने लिया हिंसक रूप, महिला-बेटी से मारपीट और अश्लील वीडियो...

पड़ोसी विवाद ने लिया हिंसक रूप, महिला-बेटी से मारपीट और अश्लील वीडियो बनाकर धमकी देने का आरोप

11

The Duniyadari: दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां आपसी रंजिश ने खतरनाक मोड़ ले लिया। रुआबांधा स्थित HSCL कॉलोनी में रहने वाली एक महिला और उसकी बेटी के साथ कथित तौर पर पड़ोसियों ने घर में घुसकर मारपीट की और अमानवीय व्यवहार किया।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि तीन महिलाएं और तीन युवक जबरन उनके घर में दाखिल हुए और दोनों को बेरहमी से पीटा। इस दौरान युवती को जबरन जहरीला पदार्थ पिलाने की कोशिश की गई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने युवती का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी और गंभीर अपराध करने की भी चेतावनी दी।

घटना के दौरान आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ की, मोबाइल फोन नुकसान पहुंचाए और नकदी व जरूरी कागजात लेकर फरार हो गए। इस वारदात के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जो अब हिंसक झड़प में बदल गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। इनमें दो शिकायतें दूसरे पक्ष द्वारा भी दर्ज कराई गई हैं, जबकि पीड़िता की शिकायत पर भी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

भिलाई सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि यह मामला आपसी विवाद से जुड़ा हुआ है, जिसमें दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।