Saturday, September 12, 2026
Home Breaking परीक्षा देने जा रही छात्रा को ट्रक ने रौंदा, मौके पर मौत;...

परीक्षा देने जा रही छात्रा को ट्रक ने रौंदा, मौके पर मौत; पिता गंभीर रूप से घायल

49

The Duniyadari: जीपीएम- जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा परीक्षा देने कॉलेज जा रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी मोपेड को टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, पसान थाना क्षेत्र के अमझर गांव की रहने वाली गायत्री सिंह अपने पिता कृपाल सिंह के साथ मोपेड से पेंड्रा कॉलेज परीक्षा देने जा रही थी। जब दोनों सोन नदी पुल के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गायत्री ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और घायल पिता को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक चालक पुल पर ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, इसी दौरान यह हादसा हुआ।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस दुखद घटना के बाद मृतक छात्रा के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।