The Duniyadari: Raipur- राजधानी के डीडी नगर थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, विप्र नगर निवासी आलोक साहू किसी विवाद के दौरान हमले का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि कहासुनी के बाद आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। वार लगने से आलोक घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसकी मदद की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावर की पहचान कर उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल विवाद की असली वजह का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।















