Sunday, October 25, 2026
Home Breaking परीक्षा में असफलता से तनाव, 17 वर्षीय छात्र ने उठाया खौफनाक कदम

परीक्षा में असफलता से तनाव, 17 वर्षीय छात्र ने उठाया खौफनाक कदम

100

The Duniyadari: बालोद जिले के डौंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बंधिया पारा में एक नाबालिग छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने की दुखद घटना सामने आई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

मृतक की पहचान 17 वर्षीय राजवीर बघेल के रूप में हुई है, जो लगातार दो वर्षों से 10वीं कक्षा की परीक्षा में असफल हो रहा था। जानकारी के अनुसार, पहले प्रयास में वह छह विषयों में फेल हुआ था, जबकि इस साल भी पांच विषयों में असफल रहने से वह गहरे तनाव में चला गया था। परिजनों का कहना है कि पढ़ाई को लेकर वह काफी चिंतित और परेशान रहने लगा था।

बताया जा रहा है कि इसी मानसिक दबाव के चलते उसने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना का पता चलते ही परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची डौंडी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर छात्रों पर बढ़ते परीक्षा दबाव और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि असफलता अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत का अवसर हो सकती है—जरूरत है सही मार्गदर्शन और भावनात्मक सहयोग की।