The Duniyadari: केशकाल- राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब ऑक्सीजन से भरा एक टैंकर केशकाल घाट में अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि चालक की तत्परता और सूझबूझ के चलते एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, टैंकर जगदलपुर से ओडिशा के झारसुगुड़ा की ओर जा रहा था। केशकाल घाट के एक तीखे मोड़ पर अचानक वाहन के ब्रेक जवाब दे गए, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टैंकर सड़क किनारे पलट गया।
दुर्घटना के बाद टैंकर से ऑक्सीजन का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास मौजूद लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। हादसे में चालक उदय ठाकुर को मामूली चोटें आईं, जबकि किसी अन्य के हताहत होने की खबर नहीं है।
चालक ने बताया कि ब्रेक फेल होने की स्थिति को भांपते ही उन्होंने तुरंत टैंक का सेफ्टी वाल्व खोल दिया, जिससे ऑक्सीजन नियंत्रित रूप से बाहर निकलती रही और टैंक के भीतर दबाव नहीं बढ़ पाया। विशेषज्ञों के अनुसार, दबाव बढ़ने की स्थिति में गंभीर दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।
चालक की समझदारी और समय पर उठाए गए कदमों से न केवल बड़ा नुकसान टला, बल्कि क्षेत्र में संभावित जनहानि की आशंका भी समाप्त हो गई। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।















