The Duniyadari: Bilaspur में पीएससी परीक्षा की तैयारी कर रही एक युवती की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। मामले की विस्तृत जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला सोनसरी गांव की रहने वाली आयूषी कुर्रे उर्फ खुशी बिलासपुर के जरहाभाठा इलाके में किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। 20 मार्च 2026 को वह अपने कमरे में फंदे पर लटकी मिली थी। घटना के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आयूषी का गांव के ही दीपक खाण्डे के साथ प्रेम संबंध था। घटना वाले दिन दोनों की मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर तनाव उत्पन्न हुआ। पुलिस को मिले साक्ष्यों और बयानों से यह तथ्य सामने आया कि दीपक की दूसरी युवती से बातचीत को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
बताया गया कि मुलाकात के बाद आयूषी ने दीपक से कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इस घटनाक्रम से युवती मानसिक रूप से परेशान हो गई और उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार खाण्डे को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की अन्य पहलुओं से भी जांच की जा रही है।















