Wednesday, July 15, 2026
Home Breaking पुलिस का वाहन चोरों पर शिकंजा, डेढ़ महीने में 51 चोरी के...

पुलिस का वाहन चोरों पर शिकंजा, डेढ़ महीने में 51 चोरी के वाहन बरामद

8

The Duniyadari: राजधानी रायपुर में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट का विशेष अभियान असर दिखा रहा है। 1 जून से 15 जुलाई 2026 के बीच चलाए गए अभियान में पुलिस ने 51 चोरी के वाहन बरामद कर 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही शहर के अलग-अलग इलाकों से 36 लावारिस वाहन भी जब्त कर उनकी वैधानिक जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के मुताबिक, अभियान में कमिश्नरेट के सभी थाना क्षेत्रों के साथ एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। तकनीकी जांच, मुखबिरों से मिली सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। बरामद 51 वाहनों में से 36 वाहन ACCU टीम ने जबकि 15 वाहन संबंधित थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में जब्त किए।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में वाहन चोरी के नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि चोरी के वाहनों को किन इलाकों में बेचा या खपाया जाता था और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। जरूरत पड़ने पर दूसरे जिलों की पुलिस से भी समन्वय किया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों पर लंबे समय से लावारिस पड़े वाहनों की भी जांच की गई। कुल 36 ऐसे वाहन बरामद किए गए, जिनमें 22 वाहन ACCU और 14 संबंधित थाना पुलिस ने जब्त किए। इन वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर का सत्यापन कराया जा रहा है ताकि वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें नियमानुसार वाहन लौटाया जा सके।

रायपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन सुरक्षित स्थान पर पार्क करें, सुरक्षा लॉक का उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। अधिकारियों का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।