पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हजारों नशीली कैप्सूल के साथ दो युवक गिरफ्तार

7

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा जिले में अवैध नशीली दवाओं की बिक्री पर लगाम कसने के अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सायबर सेल और चांपा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए हैं। जब्त सामग्री में बाइक, मोबाइल फोन और नकदी भी शामिल है। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया है।

पुलिस को 10 फरवरी 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक काली पल्सर बाइक से कोरबा की ओर से कोसमंदा गांव की तरफ नशीली दवाएं लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने कोसमंदा रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान बताए गए हुलिये की मोटरसाइकिल को रोककर दोनों सवारों से पूछताछ की गई।

जांच के दौरान आरोपियों के पास से 469 स्ट्रिप प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुए। प्रत्येक स्ट्रिप में 8 कैप्सूल होने के कारण कुल 3752 कैप्सूल जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 34 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा कार्रवाई में प्रयुक्त बाइक (CG 11 BM 2797), दो मोबाइल फोन और नकद राशि भी जब्त की गई।

गिरफ्तार युवकों की पहचान रामकिशोर कश्यप (20), निवासी कोसमंदा, और प्रदीप पटेल (20), निवासी बुदेली चौकी रजगामार, जिला कोरबा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ चांपा थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव और सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक के नेतृत्व में की गई, जिसमें पुलिस टीम के अन्य जवानों ने भी अहम भूमिका निभाई।