Thursday, June 11, 2026
Home Breaking पुलिस पर गंभीर आरोप, पानी टंकी पर चढ़ा युवक; न्याय की मांग...

पुलिस पर गंभीर आरोप, पानी टंकी पर चढ़ा युवक; न्याय की मांग को लेकर घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा

11

The Duniyadari: KORBA-  हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम नेवसा में गुरुवार सुबह एक युवक के पानी टंकी पर चढ़ जाने से इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। युवक ने पुलिस पर प्रताड़ना और पैसे लेने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया तथा कार्रवाई नहीं होने पर आत्मघाती कदम उठाने की चेतावनी दी।

बताया गया कि नेवसा निवासी रफीक मोहम्मद और उसके साथी दीपेश निर्मलकर ने हरदीबाजार पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि कुछ दिन पहले उन्हें हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई। दोनों का यह भी आरोप है कि इस दौरान उनसे नकदी भी ले ली गई।

इन आरोपों से नाराज रफीक गुरुवार सुबह गांव की ऊंची पानी टंकी पर चढ़ गया। लगातार बारिश के बावजूद वह नीचे उतरने को तैयार नहीं था और पुलिस के खिलाफ कार्रवाई तथा निष्पक्ष जांच की मांग करता रहा। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। काफी देर तक समझाइश का दौर चलता रहा।

दूसरी ओर हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि संबंधित युवकों के खिलाफ जुए से जुड़ी गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की गई थी। पुलिस ने नियमानुसार कार्यवाही की है और मारपीट या रुपये लेने जैसी बातें तथ्यहीन हैं।

घटना के बाद ग्रामीणों ने भी पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी जताई। कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस संदिग्धों को घरों से उठाकर थाने ले जा रही है। वहीं एक अन्य युवक के कई दिनों से घर नहीं लौटने की बात भी सामने आई है, जिससे गांव में चर्चा और चिंता का माहौल बना हुआ है।

फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना ने क्षेत्र में पुलिस कार्रवाई और ग्रामीणों के बीच विश्वास को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।