Thursday, June 11, 2026
Home Bengaluru HPCL की सप्लाई बाधित, 8 पेट्रोल पंपों पर असर; प्रशासन ने...

HPCL की सप्लाई बाधित, 8 पेट्रोल पंपों पर असर; प्रशासन ने जारी किए वैकल्पिक केंद्रों के नाम

3

The Duniyadari: दंतेवाड़ा जिले में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) की ईंधन आपूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित होने से कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता प्रभावित हुई है। कंपनी के मुख्य सप्लाई सेंटर में तकनीकी खराबी आने के कारण जिले के करीब आठ HPCL पेट्रोल पंपों तक फ्यूल नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे कई स्थानों पर वाहन चालकों की भीड़ बढ़ गई है।

जिला प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए लोगों से अपील की है कि वे घबराहट में ईंधन का अतिरिक्त भंडारण न करें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें। प्रशासन का कहना है कि कंपनी की ओर से आपूर्ति व्यवस्था को जल्द सामान्य बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रभावित पेट्रोल पंपों में गीदम स्थित दंतेश्वरी सर्विस सेंटर, बचेली का स्टार पेट्रोल पंप, दंतेवाड़ा के एसआर फ्यूल एवं जोगीसोरी फ्यूल, नकुलनार का भदावर फ्यूल, बारसूर का ओम साईं राम पेट्रोलियम, जमावड़ा का गजलू गुरुजी पेट्रोलियम तथा कटेकल्याण का युगांत फ्यूल शामिल हैं।

कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देश पर प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने बताया कि कृषि कार्य, एंबुलेंस सेवाएं, सार्वजनिक परिवहन, सरकारी गतिविधियां और निर्माण कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

सप्लाई बहाल होने तक नागरिक अन्य कंपनियों के पेट्रोल पंपों से ईंधन प्राप्त कर सकते हैं। प्रशासन ने ऐसे पेट्रोल पंपों की सूची भी जारी की है जहां वर्तमान में पर्याप्त ईंधन उपलब्ध है। इनमें गीदम के सुनील और अशोक पेट्रोल पंप, बचेली के ग्रेस फ्यूल और नंदराज फ्यूल्स, किरंदुल के केए फ्यूल एवं बैलाडीला सर्विस स्टेशन, बालूद का एलएन फ्यूल, नकुलनार का नायक देवल फ्यूल, कारली का न्यू उजाला पुलिस पेट्रोल पंप, कटेकल्याण का मां दंतेश्वरी फ्यूल तथा दंतेवाड़ा के मोडियम पेट्रोलियम और मां दंतेश्वरी जिओ फ्यूल्स शामिल हैं।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि स्थिति अस्थायी है और आपूर्ति सामान्य होते ही प्रभावित पंपों पर भी ईंधन उपलब्ध कराया जाएगा।