The Duniyadari: अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में खेत की फसल की सुरक्षा के लिए अपनाया गया एक खतरनाक तरीका युवक की मौत का कारण बन गया। जंगली सूअरों से फसल बचाने के लिए खेत में बिछाए गए करंट की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
घटना लखनपुर थाना क्षेत्र की कुन्नी पुलिस चौकी के अंतर्गत रेमहला और लवजी गांव के बीच स्थित झिलमिली जंगल के पास की बताई जा रही है। मृतक की पहचान जुगेश्वर पिता शंकर पावले के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, खेत में लगी फसल को जंगली सूअरों से बचाने के लिए बिजली का करंट लगाया गया था। इसी दौरान युवक उसकी चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया। रात होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका। इसके बाद शव को लखनपुर अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया गया।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। खेत में करंट किस तरह लगाया गया था और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।















