The Duniyadari: बिलासपुर- ढाबा संचालक से अवैध शराब के नाम पर वसूली करने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के आरोप में बिलासपुर पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई की गई है। मामले की शिकायत मिलने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने एएसआई सहित तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मस्तूरी थाना क्षेत्र के दर्रीघाट स्थित एक ढाबा में दबिश देने पहुंचे पुलिसकर्मियों ने संचालक को हिरासत में लिया। आरोप है कि उसे थाने लाने के बजाय थाने के पीछे स्थित एक पुराने खंडहरनुमा भवन में ले जाया गया, जहां उस पर अवैध शराब बेचने का आरोप लगाते हुए आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई और जेल भेजने की धमकी दी गई।
बताया जा रहा है कि इसके बाद पुलिसकर्मी बिना कार्रवाई किए छोड़ने के लिए पैसे की मांग करने लगे। इस दौरान थाने के अन्य पुलिसकर्मियों को मामले की भनक लग गई, जिसके बाद बिना किसी कार्रवाई के ढाबा संचालक को छोड़ दिया गया।
मुक्त होने के बाद ढाबा संचालक ने पूरे घटनाक्रम की शिकायत एसएसपी रजनेश सिंह से की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने एएसआई शिव चंद्रा, आरक्षक शशिकरण कुर्रे और शिवधन बंजारे को लाइन अटैच कर दिया।
इधर, एसएसपी ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए अन्य पुलिसकर्मियों के भी तबादला आदेश जारी किए हैं। एएसआई ढोलाराम मरकाम को पुलिस लाइन से मस्तूरी भेजा गया है। वहीं मनोज यादव को पुलिस लाइन से सिविल लाइन तथा आरक्षक अरविंद अनंत को कोटा से सीपत स्थानांतरित किया गया है।















