Saturday, June 27, 2026
Home Breaking पुलिस मुख्यालय से जब्त एक्टिवा गायब, ढाई महीने बाद वाहन लेने पहुंचे...

पुलिस मुख्यालय से जब्त एक्टिवा गायब, ढाई महीने बाद वाहन लेने पहुंचे मालिक के उड़े होश

8
Oplus_16908288

The Duniyadari: Raipur– राजधानी रायपुर में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यातायात मुख्यालय परिसर में जब्त कर रखी गई एक एक्टिवा रहस्यमय तरीके से गायब हो गई। वाहन मालिक जब करीब ढाई महीने बाद अपनी गाड़ी छुड़ाने पहुंचा तो वहां एक्टिवा नहीं मिली। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 3 मार्च को यातायात थाना फाफाडीह की टीम शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चला रही थी। इसी दौरान विष्णु यादव को नशे की हालत में एक्टिवा चलाते हुए पकड़ा गया। जांच में उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिला, वाहन पर तीन लोग सवार थे और नंबर प्लेट भी नियमों के अनुरूप नहीं थी। इसके चलते मोटरयान अधिनियम के तहत एक्टिवा जब्त कर ली गई।

यातायात थाना परिसर में जगह की कमी होने के कारण 29 मार्च को जब्त एक्टिवा को गुरुकुल कॉम्प्लेक्स स्थित यातायात मुख्यालय परिसर में खड़ा कराया गया। वाहन का पंजीयन पूनम भोयर के नाम पर दर्ज है।

15 जून को विष्णु यादव वाहन छुड़ाने मुख्यालय पहुंचा, लेकिन परिसर में एक्टिवा नहीं मिली। इसके बाद अधिकारियों को जानकारी दी गई। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने में जुटी है कि पुलिस परिसर से जब्त वाहन आखिर कैसे गायब हो गया।