The Duniyadari: बीजापुर जिले के जांगला थाना क्षेत्र में भालू के हमले से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों की तत्परता से उसे सुरक्षित बाहर निकालकर पहले प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, कोटेमेटा निवासी रिंकू मंडावी शुक्रवार को गांव के पास स्थित पहाड़ी इलाके में गया हुआ था। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक निकले भालू ने उस पर हमला कर दिया। हमले में युवक के चेहरे, आंख और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल युवक को किसी तरह भालू के चंगुल से बचाकर बाहर निकाला। इसके बाद 108 एम्बुलेंस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जगदलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि हाल के समय में जंगल से लगे इलाकों में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है।
वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लोगों से जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में अकेले नहीं जाने की अपील की है। विभाग ने विशेष रूप से शाम के समय सतर्क रहने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जा रही है और ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।















