Friday, May 22, 2026
Home Breaking पुलिस हिरासत में आरोपियों की रीलबाज़ी, जिला अस्पताल परिसर का वीडियो वायरल

पुलिस हिरासत में आरोपियों की रीलबाज़ी, जिला अस्पताल परिसर का वीडियो वायरल

39
Oplus_16908288

The Duniyadari:रायपुर-राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर रील बनाने का ट्रेंड अब अपराधियों तक पहुंच गया है। ताजा मामला पंडरी स्थित जिला अस्पताल से सामने आया है, जहां पुलिस हिरासत में मौजूद कुछ आरोपियों का रील बनाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में आरोपी मेडिकल जांच के बाद बाहर निकलते समय कैमरे के सामने स्टाइल मारते और खुद को ‘डॉन’ की तरह पेश करते दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पुलिस वाहन में बैठते समय भी मोबाइल कैमरे के सामने अभिनय करते हुए वीडियो शूट किया। वीडियो कथित तौर पर “निलेश किंग” नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट किया गया है, जिसमें “गजनी डॉन बोलते खरोरा शहर में” जैसी कैप्शन लाइन लिखी गई है। पुलिस की मौजूदगी में आरोपियों की यह हरकत अब कानून-व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।

आमतौर पर पुलिस हिरासत में आरोपियों के मोबाइल फोन पर रोक होती है और उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाती है। ऐसे में खुलेआम रील बनाना सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के वीडियो युवाओं पर गलत प्रभाव डाल सकते हैं और अपराध को ग्लैमराइज करने का काम करते हैं।

मामले के सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने वीडियो की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों के पास मोबाइल फोन कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में वीडियो बनाया गया। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने राजधानी में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल करने वाले और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।