The Duniyadari: कांकेर शहर में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब संजय नगर स्थित गौठान परिसर में एक व्यक्ति का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान पूर्व कांग्रेस नेता नवाज अली के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, नवाज अली हाल ही में जेल से रिहा होकर बाहर आया था। कुछ महीने पहले कोदागांव क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में उन पर पंचायत सचिव को वाहन से टक्कर मारने का आरोप लगा था। दुर्घटना में घायल सचिव को अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। मामले में पुलिस ने नवाज अली के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था।
मंगलवार सुबह उनका शव गौठान परिसर में फंदे से लटका मिलने के बाद इलाके में चर्चा और चिंता का माहौल है। पुलिस को घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।















