Tuesday, June 16, 2026
Home Breaking प्रेम प्रसंग की रंजिश में युवक की बेरहमी से हत्या, चार संदिग्ध...

प्रेम प्रसंग की रंजिश में युवक की बेरहमी से हत्या, चार संदिग्ध हिरासत में

8
Oplus_16908288

The Duniyadari : बिहार के नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र के बड़ी घरयारी गांव में एक 20 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पटना जिले के डुमरिया गांव निवासी भगवान कुमार के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है।

जानकारी के अनुसार भगवान कुमार कुछ दिनों पहले अपने ननिहाल बड़ी घरयारी गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। सोमवार रात भोज कार्यक्रम के दौरान वह अपने एक मित्र के साथ गांव के बाहर खेत की ओर गया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए हमलावरों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों, लोहे की रॉड, ईंट-पत्थरों तथा धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

हमले के वक्त उसके साथ मौजूद युवक किसी तरह जान बचाकर भाग निकला और परिजनों को घटना की जानकारी दी। घायल भगवान कुमार को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि कुछ माह पहले गांव की दो युवतियों के घर छोड़कर चले जाने की घटना को लेकर कुछ लोग भगवान कुमार से नाराज थे और उसी रंजिश में उसकी हत्या की गई। परिजनों का कहना है कि युवक का उस मामले से कोई लेना-देना नहीं था।

घटना के बाद गुस्साए परिजन शव लेकर सरमेरा थाना पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।