Sunday, May 3, 2026
Home Breaking प्रेम प्रसंग में दर्दनाक मोड़: युवक ने फांसी लगाई, खबर सुन प्रेमिका...

प्रेम प्रसंग में दर्दनाक मोड़: युवक ने फांसी लगाई, खबर सुन प्रेमिका ने जहर खाया, हालत नाजुक

31

The Duniyadari: बैतूल जिले में प्रेम संबंध से जुड़ी एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जबकि उसकी मौत की खबर सुनकर उसकी प्रेमिका ने भी जहर खा लिया। युवती को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान महावीर वार्ड निवासी 25 वर्षीय शिवांश सोनी के रूप में हुई है। शिवांश रायपुर के एक कॉफी हाउस में मैनेजर के पद पर कार्यरत था और अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसके पिता छिंदवाड़ा में शिक्षक के रूप में पदस्थ हैं। बताया जा रहा है कि शिवांश दो-तीन दिन पहले ही बैतूल अपने घर आया था।

शुक्रवार शाम उसने घर की छत पर बने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

उधर, शिवांश की मौत की खबर मिलते ही उसकी महिला मित्र गहरे सदमे में आ गई। शनिवार सुबह उसने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। युवती मूल रूप से साईंखेड़ा क्षेत्र की रहने वाली है और बैतूल में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत है। बताया जा रहा है कि वह शिवांश से करीब दो साल बड़ी है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन परिजनों की असहमति के चलते दोनों मानसिक तनाव में थे। इसी वजह से युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से एक दिन पहले युवती डैम क्षेत्र में संदिग्ध हालत में मिली थी। उस समय वह आत्महत्या का प्रयास करने वाली थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे बचा लिया और थाने लाकर काउंसलिंग की थी। उस दौरान युवती ने बताया था कि शिवांश मानसिक रूप से परेशान है और आत्महत्या की बात कर रहा है।

फिलहाल पुलिस दोनों घटनाओं की अलग-अलग जांच कर रही है। युवती की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम उसकी निगरानी कर रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस संवेदनशील मामले में अफवाहों से बचें और संयम बनाए रखें।