The Duniyadari: रायपुर- प्रदेश भाजपा कार्यालय में उस समय हलचल बढ़ गई जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का काफिला वहां पहुंचा। काफिले में शामिल गाड़ियों को देखकर पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता चौंक गए, क्योंकि पहले इस्तेमाल की जा रही टोयोटा फार्च्यूनर की जगह नई स्कॉर्पियो गाड़ियां नजर आईं। लंबे समय बाद मुख्यमंत्री को नई गाड़ियों में देखकर कई लोग उत्सुकता से जानकारी लेने लगे।
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री अब तक पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में खरीदी गई फार्च्यूनर गाड़ियों का उपयोग कर रहे थे। करीब ढाई साल बाद अब इन गाड़ियों को बदलते हुए काफिले में छह नई स्कॉर्पियो शामिल की गई हैं। मुख्यमंत्री इन बुलेटप्रूफ स्कॉर्पियो वाहनों में सफर करेंगे।
इस बदलाव को लेकर बढ़ी चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि पुरानी गाड़ियां काफी समय से उपयोग में थीं और तकनीकी दिक्कतें भी आने लगी थीं। कई बार वाहन रास्ते में बंद हो जाते थे, इसलिए सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई गाड़ियों को शामिल किया गया है।















