Friday, April 3, 2026
Home जांजगीर-चांपा प्रेम संबंध से नाराज भाई ने युवक को जिंदा जलाने की कोशिश,...

प्रेम संबंध से नाराज भाई ने युवक को जिंदा जलाने की कोशिश, तालाब में कूदकर बची जान

43

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा जिला। प्रेम संबंध को लेकर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां कोरबा के एक युवक पर उसकी प्रेमिका के भाई ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे युवक ने किसी तरह पास के तालाब में कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक कोरबा के कनकी क्षेत्र का रहने वाला विशु सारथी का कटओत गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि युवती ने उसे रविवार शाम करीब पांच बजे अपने गांव बुलाया था। युवक के पहुंचते ही पहले से मौजूद युवती के भाई ने उस पर हमला कर दिया और कथित तौर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

आग की लपटों से घिरा युवक दर्द से चिल्लाते हुए पास के तालाब की ओर भागा और पानी में छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच सकी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घटना की वजह प्रेम संबंध को लेकर पारिवारिक विवाद बताई जा रही है।