Thursday, July 2, 2026
Home Breaking प्रोफेसर पर युवती ने लगाए अश्लील मैसेज भेजने के आरोप, कॉलेज पहुंचकर...

प्रोफेसर पर युवती ने लगाए अश्लील मैसेज भेजने के आरोप, कॉलेज पहुंचकर किया हंगामा; वीडियो वायरल

9

The Duniyadari: Raigarh- जिले के लैलूंगा क्षेत्र स्थित एक शासकीय महाविद्यालय के प्रोफेसर पर पड़ोस में रहने वाली युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि प्रोफेसर लंबे समय से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए आपत्तिजनक संदेश भेजकर उसे परेशान कर रहा था और उस पर संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। आरोपों से नाराज युवती अपने होने वाले पति के साथ कॉलेज पहुंची, जहां दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।

विवाद के दौरान युवती ने प्रोफेसर को थप्पड़ मार दिए। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में बहस और हंगामे के साथ प्रोफेसर की पत्नी भी स्थिति को शांत कराने की कोशिश करती दिखाई दे रही हैं।

युवती का आरोप है कि प्रोफेसर पिछले करीब डेढ़ वर्ष से व्हाट्सएप और टेलीग्राम के माध्यम से अश्लील संदेश भेज रहा था तथा बार-बार अनुचित संबंध बनाने के लिए दबाव डालता था। उसने कहा कि इस तरह की मानसिक प्रताड़ना झेल चुकी अन्य युवतियां भी आगे आएं, ताकि ऐसे मामलों में पीड़ितों को न्याय मिल सके। युवती ने यह भी कहा कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह कानूनी लड़ाई जारी रखेगी।

वहीं, लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव के अनुसार युवती ने प्रोफेसर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो जाने के कारण पुलिस ने मामले में आगे कोई कार्रवाई नहीं की। फिलहाल घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।