Wednesday, April 1, 2026
Home Breaking फर्जी मैरिज ब्यूरो का खुलासा, 37 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

फर्जी मैरिज ब्यूरो का खुलासा, 37 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

3

The Duniyadari: राजनांदगांव- जिले में फर्जी मैरिज ब्यूरो चलाकर युवकों से ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। आरोपी सोशल मीडिया और इंटरनेट से युवतियों की तस्वीरें डाउनलोड कर उनकी फर्जी प्रोफाइल तैयार करते थे और शादी का झांसा देकर युवकों से मोटी रकम वसूलते थे। पुलिस ने इस मामले में एक युवती और एक युवक को गिरफ्तार किया है।

मामला बसंतपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा को इस संबंध में एक गुमनाम शिकायत मिली थी, जिसमें बताया गया था कि “लव लाइफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो” के नाम पर लोगों से ठगी की जा रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने जांच के निर्देश दिए। इसके बाद एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन (आईपीएस) की टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी नेहा पाठक (23) और धर्मेन्द्र मानिकपुरी (32) युवतियों की तस्वीरें इंटरनेट और सोशल मीडिया से डाउनलोड कर फर्जी प्रोफाइल बनाते थे। इन प्रोफाइल को व्हाट्सएप के जरिए युवकों को भेजकर शादी कराने का भरोसा दिलाया जाता था। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, पैकेज और परिवार से मुलाकात के नाम पर 30 से 40 हजार रुपये तक वसूले जाते थे।

पुलिस ने मैरिज ब्यूरो में छापा मारकर 7 एंड्रॉइड मोबाइल, 14 कीपैड मोबाइल और 9 रजिस्टर जब्त किए। मोबाइल की जांच में 2286 युवतियों की तस्वीरें मिलीं, जिनका उपयोग फर्जी प्रोफाइल बनाने में किया जा रहा था। बैंक स्टेटमेंट की जांच में पिछले एक साल में 37 लाख 69 हजार रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ है।

गिरफ्तार आरोपियों में नेहा पाठक, निवासी लेबर कॉलोनी वार्ड नंबर 17 राजनांदगांव और धर्मेन्द्र मानिकपुरी, मूल निवासी ग्राम जंगलपुर जिला कबीरधाम, वर्तमान निवासी रिद्धि-सिद्धि कॉलोनी बसंतपुर शामिल हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।