The Duniyadari: रायपुर- पश्चिम बंगाल के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता तृणमूल कांग्रेस सरकार से निराश है और अब परिवर्तन चाहती है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को स्पष्ट जनसमर्थन मिलेगा और बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी।
रायपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए सीएम साय ने बताया कि वे हाल ही में पश्चिम बंगाल के दौरे पर गए थे, जहां उन्होंने चार विधानसभा क्षेत्रों में नामांकन रैलियों में भाग लिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और आम जनता में ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ नाराजगी साफ दिखाई दे रही है।
मुख्यमंत्री ने टीएमसी के 15 वर्षों के शासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतने लंबे समय में राज्य के विकास के लिए अपेक्षित काम नहीं हुआ। उनका कहना था कि अब लोग बदलाव के लिए तैयार हैं और भाजपा को विकल्प के रूप में देख रहे हैं।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री साय ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीति में उचित भागीदारी दिलाने के लिए नरेंद्र मोदी सरकार ने 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रस्ताव लाया, लेकिन विपक्षी दलों ने इसे आगे बढ़ने नहीं दिया। उन्होंने बताया कि इस विषय पर विधानसभा में निंदा प्रस्ताव लाने की तैयारी की जा रही है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में 24 घंटे संचालित होने वाली ‘सीएम हेल्पलाइन’ शुरू करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि यह सेवा सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी और टोल-फ्री नंबर के जरिए नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायतों के समयबद्ध निराकरण की व्यवस्था की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई भी होगी।
सीएम साय ने ‘लखपति दीदी’ योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए प्रदेश सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में 8 लाख ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य पूरा किया जा चुका है और अब 10 लाख महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का नया लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल महिलाओं के सशक्तिकरण के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रही है।
























