The Duniyadari: अम्बिकापुर। अप्रैल की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और दोपहर की तेज धूप लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए अम्बिकापुर जिले में स्कूलों के संचालन समय में बदलाव किया गया है।
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 से जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालय सुबह 07:30 बजे से 11:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे। वर्तमान में छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल की परीक्षाएं तथा कक्षा पहली से आठवीं तक की बोर्ड एवं स्थानीय वार्षिक परीक्षाएं प्रातःकालीन पाली में आयोजित की जा रही हैं। वहीं कक्षा नवमी और ग्यारहवीं की परीक्षाएं दोपहर की दूसरी पाली में आयोजित हो रही हैं, जो 10 अप्रैल 2026 तक समाप्त हो जाएंगी।
परीक्षाएं समाप्त होने के बाद 11 अप्रैल से सभी विद्यालयों में नियमित रूप से सुबह की पाली में कक्षाएं संचालित की जाएंगी। जिला प्रशासन ने विद्यालयों के विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्टाफ को बढ़ती गर्मी और लू से सावधानी बरतने की सलाह दी है। साथ ही स्कूल प्रबंधन को गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।












