Sunday, August 23, 2026
Home कोरबा बढ़ती ठंड का असर: कोरबा में सभी स्कूलों के समय में बड़ा...

बढ़ती ठंड का असर: कोरबा में सभी स्कूलों के समय में बड़ा फेरबदल

110

The Duniyadari : कोरबा: कोरबा में लगातार गिरते तापमान और ठिठुरन भरी सुबहों को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूलों के संचालन समय में तत्काल प्रभाव से बड़े बदलाव किए हैं। आदेश के मुताबिक अब जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त और मदरसा स्कूल नई समय-सारिणी के अनुसार ही संचालित होंगे।

नई व्यवस्था में कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों के लिए स्कूल का समय सुबह 8:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तय किया गया है। कक्षा 6 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए दो शिफ्टें लागू होंगी—पहली शिफ्ट सुबह 8:30 से 12:30 तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 12:15 से शाम 4:30 बजे तक चलेगी।

हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों को अलग से निर्देश दिए गए हैं, जिसके तहत उनकी कक्षाएं सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होंगी।

यह पूरी संशोधित टाइमिंग व्यवस्था 31 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगी। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूल प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि वे नई समय-सारिणी का कड़ाई से पालन कराएं। साथ ही सूचना विभाग को आदेश दिया गया है कि इसे सभी प्रमुख समाचार पत्रों में प्रकाशित कर व्यापक रूप से अवगत कराया जाए।

बढ़ती ठंड और बच्चों के स्वास्थ्य पर उसके प्रभाव को देखते हुए लिया गया यह निर्णय अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों के लिए राहत भरा माना जा रहा है।