Thursday, October 8, 2026
Home कोरबा कोरबा में पटाखों का अवैध जखीरा! रिहायशी इलाके में छिपाकर रखे थे...

कोरबा में पटाखों का अवैध जखीरा! रिहायशी इलाके में छिपाकर रखे थे 2 लाख के पटाखे, एक गिरफ्तार

5

The Duniyadari:कोरबा। त्योहारी सीजन शुरू होने के साथ ही कोरबा पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने पुरानी बस्ती के सिंधी मोहल्ला में छापा मारकर करीब 2 लाख रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए हैं। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि सिंधी मोहल्ला स्थित एक स्थान पर बिना अनुमति बड़ी मात्रा में पटाखे जमा किए गए हैं। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने टीम तैयार कर बताए गए स्थान की निगरानी शुरू की। इसके बाद मकान से लगे गोदाम में दबिश देकर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान पुलिस को अलग-अलग कंपनियों के पटाखों से भरे 18 कार्टून मिले। पुलिस ने सभी पटाखों को जब्त कर लिया। शुरुआती आकलन के मुताबिक बरामद सामग्री की कीमत लगभग 2 लाख रुपये है।

पुलिस के अनुसार जिस जगह पर पटाखे रखे गए थे, वह रिहायशी क्षेत्र में आता है। ऐसे स्थान पर बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री का बिना अनुमति भंडारण सुरक्षा के लिहाज से गंभीर खतरा माना जा रहा है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बलराम जज्ञासी (42), पिता रमेश कुमार, निवासी पुरानी बस्ती, सिंधी मोहल्ला को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में धारा 9(ख) विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक त्योहारों के दौरान अवैध पटाखों के भंडारण, बिक्री और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर आने वाले दिनों में भी संदिग्ध ठिकानों पर जांच और कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।