The Duniyadari: Raipur- राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र के रावाभाठा इलाके से पुलिस ने बम बनाने के आरोप में फरार चल रहे विनय देवांगन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बीरगांव नगर निगम के महापौर नंदलाल देवांगन का साला और एक पार्षद का रिश्तेदार बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक 7 मई को रावाभाठा में एक युवक के पास पिस्टल और बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ता BDDS मौके पर पहुंचा। जांच में लो इंटेंसिटी एक्सप्लोसिव सामग्री मिली। टीम ने बैटरी, केमिकल से भरी दो बोतलें, वायर और डेटोनेटर जब्त किए थे।
*सामान मिलने के बाद से था फरार*
छापे के बाद आरोपी विनय देवांगन मौके से फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। आखिरकार उसे रावाभाठा से ही पकड़ लिया गया।
*साजिश का पता लगा रही पुलिस*
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि विनय बम बनाने की तैयारी क्यों कर रहा था और इस साजिश में उसके साथ और कौन लोग शामिल हैं। उसके नेटवर्क और मकसद को लेकर भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब्त सामग्री की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। सुरक्षा एजेंसियां भी इस मामले पर नजर रखे हुए हैं।















