Wednesday, October 28, 2026
Home Uncategorized बलरामपुर : संदिग्ध हालात में नर हाथी की मौत, वन विभाग जांच...

बलरामपुर : संदिग्ध हालात में नर हाथी की मौत, वन विभाग जांच में जुटा

245

The Duniyadari : बलरामपुर। जिले के रामानुजगंज वन परिक्षेत्र के ग्राम महावीरगंज में मंगलवार रात एक नर हाथी मृत पाया गया। यह घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही डीएफओ आलोक वाजपेई, रेंजर निखिल सक्सेना और एसडीएम आनंद नेताम मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

वन विभाग ने मृत हाथी के आसपास सुरक्षा घेरा बना दिया है ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न हो सके। जानकारी के अनुसार, यह हाथी वाड्रफनगर के रजखेता जंगल से होते हुए रामानुजगंज वन क्षेत्र में पहुंचा था। विभागीय टीम उसकी लगातार गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। मंगलवार दिनभर हाथी बसकटिया जंगल और आसपास के इलाकों में विचरण करता रहा, लेकिन देर शाम उसकी अचानक मौत हो गई।

रेंजर निखिल सक्सेना ने बताया कि मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही वजह सामने आ पाएगी। हाथी की मौत ग्राम महावीरगंज में रामबरन कोडाकू के घर के सामने हुई है। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।