The Duniyadari : बस्तर। जिले में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल की पत्नी पर जानलेवा हमले की खबर सामने आई। अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से हमला किया, जिसमें उनके दोनों हाथों की नसें कट गईं और गले के पास गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, घटना के बाद आज सुबह लगभग 8 बजे उन्हें गंभीर हालत में महारानी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आईसीयू में भर्ती किया। फिलहाल उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगातार उपचार और निगरानी में जुटी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई। अस्पताल परिसर में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला किस वजह से और किसके द्वारा किया गया। परिजनों से पूछताछ के साथ-साथ आसपास के लोगों से भी जानकारी एकत्र की जा रही है।
इस घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक जगत में भी चिंता और चर्चा का माहौल है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।














