Wednesday, April 15, 2026
Home Breaking बाउंसर्स ने जबरन होटल में लगाया ताला, पुलिस की तत्परता से टली...

बाउंसर्स ने जबरन होटल में लगाया ताला, पुलिस की तत्परता से टली बड़ी घटना

122

The Duniyadari: बिलासपुर– न्यायधानी बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्थित होटल मिड टाउन में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब करीब 25 से 30 लोगों की भीड़ ने बाउंसर्स की मदद से जबरन होटल में घुसकर ताला जड़ दिया। इस घटना से इलाके में गैंगवार जैसी स्थिति पैदा हो गई, लेकिन पुलिस की तत्परता और होटल संचालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।

वैध एग्रीमेंट के बावजूद होटल में ताला

होटल संचालक अनुराग शर्मा ने बताया कि होटल को 11 महीने के लिए वैध एग्रीमेंट के तहत संचालित किया जा रहा है। घटना के वक्त वे किसी अन्य काम में व्यस्त थे, तभी स्टाफ से सूचना मिली कि कुछ लोग होटल में घुसने की कोशिश कर रहे हैं। जब अनुराग मौके पर पहुंचे तो देखा कि कई लोग होटल के बाहर खड़े हैं और कुछ अंदर घुसकर ताला लगा चुके हैं।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना में शामिल बाउंसर उन्हीं के ससुर द्वारा बुलाए गए थे। अनुराग शर्मा ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी इन्हीं लोगों ने होटल पर हमला किया था, जिसकी शिकायत पहले भी पुलिस से की गई थी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किया हालात काबू

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। होटल को दोबारा खोला गया और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का आश्वासन दिया। होटल संचालक ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और जांच की जा रही है।

व्यावसायिक विवाद या पारिवारिक तनाव?

इस घटना ने शहर में यह बहस छेड़ दी है कि पारिवारिक तनातनी अब व्यवसायिक स्थलों पर भी असर डाल रही है। होटल व्यवसायियों में इस घटना को लेकर चिंता का माहौल है, वहीं पुलिस ने कहा है कि ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि किसी भी पक्ष की ओर से कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश की गई, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सवाल उठता है कि क्या यह सिर्फ पारिवारिक विवाद है या इसके पीछे किसी बड़े व्यावसायिक षड्यंत्र की योजना थी? जवाब अभी जांच के बाद ही सामने आएगा।