Friday, October 9, 2026
Home बालोद बालोद में सड़क हादसा: कार–पिकअप की टक्कर, बड़ा नुकसान लेकिन सभी सुरक्षित

बालोद में सड़क हादसा: कार–पिकअप की टक्कर, बड़ा नुकसान लेकिन सभी सुरक्षित

101

The Duniyadari : बालोद। जिले के जमरुवा गांव के पास 25 जनवरी की रात एक सड़क दुर्घटना हो गई, जहां कार और पिकअप वाहन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा, हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

मिली जानकारी के अनुसार जवाहर पारा वार्ड क्रमांक 11 निवासी बुधलाल साहू अपने साथियों राजेन्द्र साहू और संजय ताम्रकार के साथ गुरूर के साप्ताहिक बाजार से सब्जी बेचकर पिकअप वाहन से बालोद लौट रहे थे। जैसे ही उनका वाहन ग्राम जमरुवा मोड़ के पास पहुंचा, सामने से आ रही अर्टिगा कार अचानक अनियंत्रित हो गई। बताया जा रहा है कि सड़क पर पड़े पेड़ के डंगाल से बचने के प्रयास में कार चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाया, जिससे पिकअप से जोरदार भिड़ंत हो गई।

हादसे में पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पिकअप चालक बुधलाल साहू ने बताया कि वाहन को नुकसान जरूर हुआ, लेकिन वे और उनके साथी पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना की सूचना वाहन मालिक को भी दी गई।

बालोद थाना पुलिस ने पिकअप चालक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और कार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।