Monday, October 5, 2026
Home बालोद बालोद में दर्दनाक हादसा: बाइक सवार पिता और 12 वर्षीय बेटे की...

बालोद में दर्दनाक हादसा: बाइक सवार पिता और 12 वर्षीय बेटे की मौत, 8 साल का बच्चा गंभीर

5

The Duniyadari: बालोद। जिले के सनौद थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। अरमरीकला गांव के पास पेट्रोल पंप के नजदीक एक बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार पिता और उसके 12 वर्षीय बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 8 वर्षीय दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के मुताबिक गजराबांधा निवासी डागेश्वर साहू अपने दोनों बेटों वेद प्रकाश और अनुराग के साथ मोहारा में आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद तीनों मोटरसाइकिल से वापस अपने गांव की ओर रवाना हुए थे।

बताया जा रहा है कि अरमरीकला गांव के पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे की तरफ जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि डागेश्वर साहू (34) और उनके बड़े बेटे वेद प्रकाश (12) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे में छोटा बेटा अनुराग (8) गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलने पर सनौद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसे लेकर पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।