The Duniyadari: रायपुर। खरोरा थाना क्षेत्र के रायखेड़ा स्थित अदानी पावर प्लांट में शराब बिक्री को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। मजदूरों के बीच हुए विवाद के दौरान जमकर पथराव हुआ। हालात बिगड़ने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम को भी स्थिति संभालने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि प्लांट परिसर में शराब बेचने को लेकर कुछ मजदूरों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच विवाद शुरू हुआ था। इसी दौरान मामला बढ़ गया और पथराव की स्थिति बन गई। गांव में भी शराब बिक्री का विरोध किए जाने की बात सामने आई है, जिसके बाद तनाव और बढ़ गया।
विवाद के बीच रायखेड़ा के सरपंच दिनेश वर्मा भी मौके पर पहुंचे। इसी दौरान पथराव की चपेट में उनका वाहन आ गया और गाड़ी के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। स्थिति की सूचना मिलते ही खरोरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच हस्तक्षेप कर हालात नियंत्रित करने का प्रयास किया।
पुलिस के पहुंचने के दौरान भी पथराव हुआ, जिसमें खरोरा थाना प्रभारी के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
CSP विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी के मुताबिक, प्लांट में मजदूरों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच शराब बिक्री को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान सरपंच का वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली, जिसमें थाना प्रभारी को चोट आई है। फिलहाल अतिरिक्त पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।















