Monday, August 3, 2026
Home Breaking बाल संप्रेक्षण गृह से 8 नाबालिग फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बाल संप्रेक्षण गृह से 8 नाबालिग फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

3

The Duniyadari: Mahasamund- जिले के बरोंडा बाजार स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से सोमवार तड़के आठ नाबालिगों के फरार होने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि सभी किशोर देर रात खिड़की की ग्रिल तोड़कर परिसर से बाहर निकल गए। घटना के बाद संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरार हुए सभी नाबालिग पिछले कुछ महीनों के दौरान अलग-अलग आपराधिक मामलों में यहां भेजे गए थे। इनमें दुष्कर्म, चोरी और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों के आरोपी भी शामिल हैं। इनका संबंध महासमुंद, सरायपाली, धमतरी और पड़ोसी राज्य ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों से बताया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस ने फरार नाबालिगों की तलाश के लिए विशेष सर्च अभियान शुरू कर दिया है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी बाल संप्रेक्षण गृह से बच्चों के भागने की घटना सामने आ चुकी है। दोबारा हुई इस घटना ने सुरक्षा इंतजामों और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सुरक्षा में चूक कैसे हुई।