The Duniyadari: Bilaspur- बहुप्रतीक्षित बिलासपुर-दिल्ली शाम की फ्लाइट शुरू होने के एक हफ्ते बाद ही रद्द हो गई। रविवार शाम को जाने वाली फ्लाइट कैंसिल होने से 50 से ज्यादा यात्रियों को एयरपोर्ट से लौटना पड़ा। यात्रियों ने एयरपोर्ट पर नाराजगी जताई। एलाइंस एयर ने सभी यात्रियों को टिकट राशि वापस कर दी है, लेकिन लोगों में गुस्सा बना हुआ है।
दरअसल करोड़ों रुपये खर्च कर बिलासपुर एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू की गई थी। शहरवासियों के दबाव के बाद 3 मई रविवार को पहली बार सूर्यास्त के बाद दिल्ली के लिए फ्लाइट रवाना हुई थी। एलाइंस एयर के समर शेड्यूल के मुताबिक फिलहाल हफ्ते में एक दिन रविवार को ही शाम की फ्लाइट मिल रही है।
एलाइंस एयर के मुताबिक कंपनी का एक विमान ग्राउंडेड हो गया। इस वजह से विमान दिल्ली से प्रयागराज होते हुए बिलासपुर नहीं पहुंच सका। नतीजतन बिलासपुर से दिल्ली जाने वाली सीधी फ्लाइट रद्द करनी पड़ी। 10 मई को टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को यात्रा रद्द करनी पड़ी। साथ ही दिल्ली और प्रयागराज से बिलासपुर आने वाले यात्रियों को भी दूसरा साधन देखना पड़ा।
यात्रियों का कहना है कि लंबे इंतजार के बाद शुरू हुई शाम की फ्लाइट का दूसरी बार में ही रद्द होना निराशाजनक है। नाइट लैंडिंग सुविधा के बावजूद नियमित सेवा न मिल पाने से लोग नाराज हैं। एयरलाइन ने टिकट रिफंड कर दिया है, लेकिन यात्रियों ने सेवा में स्थिरता की मांग की है।















