Saturday, June 13, 2026
Home Breaking बिलासपुर नगर निगम में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, जोन अधिकारियों के बदले गए...

बिलासपुर नगर निगम में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, जोन अधिकारियों के बदले गए प्रभार

4
Oplus_16908288

The Duniyadari: Bilaspur नगर निगम में प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए बड़े स्तर पर अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया गया है। निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने जोन कमिश्नरों, डिप्टी कमिश्नरों और कार्यपालन अभियंताओं की नई पदस्थापना सूची जारी करते हुए विभिन्न जोनों में जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण किया है।

निगम प्रशासन के अनुसार कई अधिकारी पिछले कई वर्षों से एक ही जोन में कार्यरत थे, जिससे कार्यप्रणाली में बदलाव और बेहतर निगरानी की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी उद्देश्य से सभी जोनों में एक साथ प्रशासनिक फेरबदल किया गया है ताकि विकास कार्यों की गति बढ़े और नागरिक सुविधाओं की मॉनिटरिंग बेहतर हो सके।

फेरबदल के तहत जोन क्रमांक-1 में लंबे समय से पदस्थ रंजना अग्रवाल को नई जिम्मेदारी देते हुए जोन क्रमांक-8 भेजा गया है। वहीं जोन क्रमांक-6 की जोन कमिश्नर मधुलिका सिंह को जोन क्रमांक-1 का प्रभार सौंपा गया है। बताया जा रहा है कि जनप्रतिनिधियों की ओर से लंबे समय से अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव की मांग उठाई जा रही थी, जिस पर निगम प्रशासन ने कार्रवाई की है।

नगर निगम का मानना है कि नई पदस्थापनाओं से जोनों के बीच कार्यों का बेहतर समन्वय स्थापित होगा और शहर के विकास कार्यों में तेजी आएगी। अधिकारियों को जल्द ही नए पदस्थापन स्थलों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।