The Duniyadari: Raipur- मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने सुशासन को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सीएम हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ किया है। इस हेल्पलाइन का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को सीधे शासन तक पहुंचाना तथा उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है और यह हेल्पलाइन उसी दिशा में एक सशक्त कदम है।
हेल्पलाइन के शुभारंभ के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं कॉल सेंटर में पहुंचकर नागरिकों से बातचीत की। एक कॉल के दौरान उन्होंने शिकायतकर्ता की समस्या गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन और जनता के बीच की दूरी कम करना तथा लोगों को उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से राज्यभर के नागरिक अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। शिकायतों की निगरानी आधुनिक तकनीक और डेटा विश्लेषण के जरिए की जाएगी, जिससे विभागों की जवाबदेही बढ़ेगी और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी। हेल्पलाइन में विभिन्न विभागों से जुड़ी हजारों प्रकार की शिकायतों को दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना ही नहीं, बल्कि उनका समाधान करना सरकार का संकल्प है। एक फोन कॉल के माध्यम से यदि किसी नागरिक की परेशानी दूर होती है, तो यह सुशासन की सफलता का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों का शासन-प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो सके।
सीएम हेल्पलाइन 1076 के शुभारंभ के साथ प्रदेश में शिकायत निवारण व्यवस्था को नई मजबूती मिली है। मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि यह व्यवस्था आम नागरिकों के दुःख-दर्द दूर करने और जनहितकारी शासन को और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।















